कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने को लेकर चल रही अटकलों पर कांग्रेस ने स्थिति स्पष्ट करते हुए सभी चर्चाओं को खारिज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर किसी तरह की कोई बात नहीं हुई है। दिल्ली में हुई अहम बैठक के बाद कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री को लेकर लगाए जा रहे सभी अनुमान निराधार हैं।
दिल्ली बैठक में क्या हुई चर्चा
कांग्रेस की इस बैठक में के.सी. वेणुगोपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में मुख्य रूप से राज्यसभा चुनाव और कर्नाटक विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि नेतृत्व परिवर्तन जैसे किसी भी मुद्दे पर कोई विचार-विमर्श नहीं किया गया।बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,राहुल गांधी, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार भी मौजूद रहे।
उम्मीदवारों की घोषणा जल्द
पार्टी ने संकेत दिया कि राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव के उम्मीदवारों की घोषणा जल्द की जाएगी। यह घोषणा अन्य राज्यों जैसे छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और झारखंड के साथ संयुक्त रूप से की जाएगी।
नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें खारिज
पार्टी नेताओं ने दोहराया कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा पूरी तरह गलत और अफवाह है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि संगठन और चुनावी रणनीति पर ही बैठक केंद्रित थी।