कर्नाटक की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि वे आज अपना पद छोड़ सकते हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री बेंगलुरु स्थित अपने आवास पर मंत्रियों के साथ ब्रेकफास्ट मीटिंग कर रहे हैं।
मंत्रियों को फैसले की जानकारी दे सकते हैं सिद्धारमैया
सूत्रों के मुताबिक सिद्धारमैया इस बैठक में अपने इस्तीफे को लेकर मंत्रियों को जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात के लिए समय भी मांगा था।
राज्यपाल बेंगलुरु से बाहर
हालांकि राज्यपाल थावरचंद गहलोत फिलहाल पारिवारिक कारणों से बेंगलुरु से बाहर हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा राजभवन कार्यालय को सौंप सकते हैं। जानकारी के मुताबिक उन्होंने दोपहर 3 बजे तक का समय मांगा है।
ई-मेल से भी सौंपा जा सकता है इस्तीफा
नियमों के अनुसार यदि राज्यपाल राज्य में मौजूद नहीं हों, तब भी मुख्यमंत्री अपना लिखित इस्तीफा ई-मेल के जरिए या राजभवन अधिकारियों को सीधे सौंप सकते हैं। राज्यपाल बाद में उस इस्तीफे को स्वीकार करते हैं। इस्तीफा मंजूर होने तक मौजूदा मुख्यमंत्री पद पर बने रहते हैं।
डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री
कांग्रेस विधायक अशोक पत्तन के मुताबिक उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल भी संभव है। बताया जा रहा है कि कैबिनेट में 15 से 20 नए मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है।
बेंगलुरु पहुंचे रणदीप सुरजेवाला
कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला भी बेंगलुरु पहुंच चुके हैं, जिससे राज्य की राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।