कर्नाटक में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। उत्तर कन्नड़ जिले की थट्टे हक्कलु नदी में डूबने से जान गंवाने वालों में सात महिलाएं शामिल हैं। यह हादसा भटकल क्षेत्र के पास हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
नदी में नहाने के दौरान हुआ हादसा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कई लोग नदी में नहा रहे थे, तभी अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन टीमों ने मौके पर पहुंचकर बड़े स्तर पर तलाशी और बचाव अभियान शुरू किया।
अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है, क्योंकि आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल पूरे मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान
इस पूरे घटनाक्रम पर पीएम मोदी ने दुख जताया है. साथ ही मुआवजे का ऐलान किया है. पीएमओं के एक्स हैंडल जारी पोस्ट के तहत पीएम मोदी ने घटना को लेकर कहा है कि कर्नाटक के कारवार ज़िले में हुई दुखद घटना के बारे में सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.
उन्होंने कहा कि मैं प्रार्थना करता हूँ कि घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हों. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.