केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन के समर्थकों ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पर हमला कर दिया। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई करने पहुंची ED टीम को प्रदर्शनकारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान अधिकारियों की गाड़ियों पर पथराव किया गया और वाहनों में तोड़फोड़ की गई।
सुबह 7 बजे शुरू हुई ED की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार ED की 12 सदस्यीय टीम बुधवार सुबह तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित विजयन के किराए के घर सहित 10 ठिकानों पर छापेमारी के लिए पहुंची थी। रेड के समय पिनारई विजयन और उनका परिवार घर में मौजूद था।बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उनकी बेटी वीणा विजयन से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर की गई।
ED टीम के बाहर निकलते ही शुरू हुआ हंगामा
रेड की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में समर्थक घर के बाहर जमा हो गए। दोपहर करीब 2 बजे जब ED अधिकारी कार्रवाई पूरी कर बाहर निकले, कार्यकर्ताओं ने टीम को घेर लिया।
भीड़ ने अधिकारियों की गाड़ियों पर पत्थर और बोतलें फेंकी। कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और लाठियों से भी हमला किया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
4 शहरों में 10 ठिकानों पर छापेमारी
ED की टीम ने केरल के अलग-अलग शहरों में कई ठिकानों पर कार्रवाई की।
तिरुवनंतपुरम
बेकरी जंक्शन स्थित पिनारई विजयन के किराए के घर पर रेड की गई, जहां उनकी बेटी वीणा विजयन भी रहती हैं।
कन्नूर
पिनारई विजयन के पैतृक आवास पर भी ED की टीम पहुंची।
कोझिकोड
विजयन के दामाद और माकपा विधायक पी.ए. मोहम्मद रियास के घर पर भी छापा मारा गया।
अलुवा
CMRL कंपनी के कॉर्पोरेट ऑफिस और कंपनी के एमडी शशिधरन कार्था के घर पर भी ED ने कार्रवाई की।