कोलकाता: कोलकाता में प्रशासनिक कार्रवाई के बीच बड़ा अपडेट सामने आया है। Abhishek Banerjee के कालीघाट रोड स्थित आवास पर कोलकाता नगर निगम (KMC) के एसेसमेंट विभाग की टीम ने नोटिस जारी किया है। टीम हाथ में कई दस्तावेज़ों के साथ मौके पर पहुंची और घर पर मौजूद लोगों को नोटिस सौंपे।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई केवल कालीघाट रोड तक सीमित नहीं है, बल्कि अभिषेक बनर्जी की अन्य संपत्तियों पर भी नोटिस भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
हारीश मुखर्जी रोड स्थित संपत्ति पर भी कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, नगर निगम की टीम हारीश मुखर्जी रोड स्थित एक अन्य आवास पर भी नोटिस देने पहुंची थी। इसके बाद शाम के समय कालीघाट रोड स्थित घर पर भी टीम ने दस्तावेज़ सौंपे।
कई नामों और कंपनियों पर भी नोटिस
जानकारी के अनुसार, लता बनर्जी, अमित बनर्जी और ‘लिप्स एंड बाउंड्स’ नामक कंपनी के नाम पर भी नोटिस जारी किए गए हैं। नगर निगम के कर्मचारियों के पास कई अन्य नोटिस भी मौजूद थे, जिन्हें विभिन्न स्थानों पर वितरित किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों से भी की गई बातचीत
कार्रवाई के दौरान KMC अधिकारियों ने इलाके के स्थानीय निवासियों से भी बातचीत की। मौके पर दस्तावेज़ों की एक बड़ी फाइल देखी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।