कोलकाता: नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा में मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एयरपोर्ट परिसर के अंदर अचानक एक लिफ्ट टूटकर नीचे गिर गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
रखरखाव के दौरान हुआ हादसा
सूत्रों के मुताबिक, एयरपोर्ट की 34 नंबर लिफ्ट में रखरखाव का काम चल रहा था। उसी दौरान अचानक लिफ्ट नीचे गिर पड़ी। हादसे के समय लिफ्ट में मौजूद तीनों कर्मचारी घायल हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
बड़ा हादसा टला
घटना के समय लिफ्ट में कोई यात्री मौजूद नहीं था। अगर यात्री मौजूद रहते तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जांच में जुटा प्रशासन
एयरपोर्ट प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर लिफ्ट अचानक कैसे टूटकर गिर गई और सुरक्षा मानकों में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।