कोलकाता: महानगर कोलकाता के नागेरबाजार फ्लाईओवर पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
एयरपोर्ट की ओर जा रहा था बाइक चालक
जानकारी के मुताबिक बाइक चालक एयरपोर्ट की ओर जा रहा था। नागेरबाजार मोड़ पार करते ही उसकी बाइक की एक चार पहिया वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चालक फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा।
होर्डिंग पर गिरने के बाद सड़क पर आ गिरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान बाइक सवार पहले सड़क किनारे लगे होर्डिंग पर गिरा और फिर सड़क पर आ गिरा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग भी दहशत में आ गए।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही नागेरबाजार ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बाइक चालक को तुरंत दमदम म्यूनिसिपल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान विशाल कुमार ढालिया (करीब 50 वर्ष) के रूप में हुई है।
कार चालक घायल, एयरबैग खुलने से बची जान
दूसरी ओर चार पहिया वाहन के चालक राकेश अग्रवाल (38 वर्ष) भी हादसे में घायल हो गए। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कार का एयरबैग समय पर खुल जाने से उनकी जान बच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर नागेरबाजार थाने ले जाया है। फिलहाल नागेरबाजार थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।