ग्लासगो: राष्ट्रमंडल खेल 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद ग्लासगो स्थित 'मिस्टर सिंग्स इंडिया, द होम ऑफ करी' रेस्टोरेंट पहुंचे भारतीय मुक्केबाजी दल की स्टार बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने रेस्टोरेंट के नैपकिन और बाहरी लोगो पर भारत का गलत नक्शा छापने पर कड़ी आपत्ति जताई है। इस नक्शे में भारत के उत्तर-पूर्व (नार्थ-ईस्ट) भाग को गायब कर दिया गया था। वायरल वीडियो के जरिए मामला सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया हुई, जिसके बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन ने बिना शर्त माफी मांगी है।
लवलीना ने वीडियो में जताया दर्द
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लवलीना बोरगोहेन ने एक नैपकिन हाथ में लेकर कहा कि इसमें और रेस्टोरेंट के मुख्य लोगो पर भारत का उत्तर-पूर्वी हिस्सा शामिल नहीं है। खुद उत्तर-पूर्व से ताल्लुक रखने वाली लवलीना ने कहा, "इसे गलत तरीके से न लें, लेकिन इस बात से मुझे दुख हुआ है। हम उत्तर-पूर्वी भारत से हैं और नक्शे में उस हिस्से का न होना हमें आहत करता है। कृपया भविष्य में इसका ध्यान रखें।"
रेस्टोरेंट ने जारी किया आधिकारिक बयान और मांगी माफी
विवाद बढ़ता देख रेस्टोरेंट अधिकारियों ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बिना शर्त माफी मांगी। रेस्टोरेंट की तरफ से कहा गया कि वे पिछले 32 वर्षों से गर्व के साथ भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उनका मकसद नहीं था। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सही नक्शे के साथ नया लोगो और नैपकिन तैयार कराया जाएगा।
https://x.com/nabilajamal_/status/2083848559632560542
इंस्टाग्राम अकाउंट हुआ गायब
रेस्टोरेंट प्रबंधन ने यह भी कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम की मेजबानी करना उनके लिए सम्मान की बात थी। हालांकि, सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने के कुछ ही देर बाद रेस्टोरेंट का आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट दिखना बंद हो गया। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अकाउंट को डिलीट किया गया है या फिर अस्थायी रूप से बंद किया गया है।