नई दिल्ली - अगर आपके घर में एलपीजी (LPG) सिलेंडर का इस्तेमाल होता है, तो अब गैस खत्म होने के बाद कई दिनों तक इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने अपने इंडेन (Indane) ग्राहकों के लिए 'Indane XTRALITE NOW' नाम से नई एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा शुरू की है। इस सुविधा के तहत गैस सिलेंडर बुक करने के करीब 4 घंटे के भीतर आपके घर पहुंच जाएगा।
पहले लगते थे 4 से 5 दिन
अब तक अधिकांश उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर बुक करने के बाद डिलीवरी के लिए 4 से 5 दिन तक इंतजार करना पड़ता था। कई बार अधिक मांग या स्थानीय कारणोंसे इसमें और भी ज्यादा समय लग जाता था। नई एक्सप्रेस सेवा का उद्देश्य ग्राहकों को तेज और सुविधाजनक डिलीवरी उपलब्ध कराना है।
'Indane XTRALITE NOW' सेवा क्या है?
इंडियन ऑयल की नई Indane XTRALITE NOW सेवा के तहत इंडेन गैस उपभोक्ताओं को एक्सप्रेस डिलीवरी का विकल्प मिलेगा। यदि यह सुविधा आपके क्षेत्र में उपलब्ध है, तो सिलेंडर बुक करने के बाद लगभग चार घंटे के भीतर उसे आपके पते पर पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। इस सेवा का उद्देश्य आपात स्थिति में ग्राहकों को जल्दी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना और डिलीवरी प्रक्रिया को अधिक आधुनिक एवं तेज बनाना है।
किन उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ?
यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा रही है। शुरुआती दौर में इसे चुनिंदा शहरों और क्षेत्रों में लागू किया जाएगा। धीरे-धीरे इसका विस्तार देश के अन्य हिस्सों में भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक इंडेन उपभोक्ता इसका लाभ उठा सकें।
ग्राहकों को मिलेगी अधिक सुविधा
नई एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा से उन परिवारों को सबसे अधिक राहत मिलेगी, जिनके घर में अचानक गैस सिलेंडर खत्म हो जाता है। अब उन्हें कई दिनों तक इंतजार करने की बजाय कुछ ही घंटों में नया सिलेंडर मिल सकेगा। इंडियन ऑयल का मानना है कि इस पहल से ग्राहकों का अनुभव बेहतर होगा और एलपीजी वितरण व्यवस्था पहले से अधिक तेज और प्रभावी बनेगी।