नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देने वाली पोस्ट पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तंज कसा है। खरगे ने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि लोग गर्मी तो झेल लेंगे, लेकिन महंगाई की मार से परेशान हैं।
पीएम मोदी ने लोगों से की थी सावधानी बरतने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (27 मई) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर लोगों से भीषण गर्मी के दौरान सतर्क रहने, भरपूर पानी पीने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की थी। पीएम मोदी ने नागरिकों से खुद के साथ-साथ पशु-पक्षियों का भी ध्यान रखने को कहा था।
खरगे ने महंगाई को लेकर साधा निशाना
प्रधानमंत्री की इसी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने X पर लिखा,
“गर्मी तो झेल लेंगे, पर भाजपा प्रायोजित महंगाई की आग से आम जनता के पसीने छूट रहे हैं। अपनी सरकार की लूट पर भी कभी कुछ बोलिए, मोदी जी?”
‘स्लो पॉइजनिंग’ बता चुके हैं खरगे
खरगे ने इससे पहले भी महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा था कि सरकार की नीतियां “स्लो पॉइजनिंग” की तरह हैं, जो गरीबों को धीरे-धीरे तबाह कर रही हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार कीमतें बढ़ाकर आम जनता पर बोझ डाल रही है।
तेल की बढ़ती कीमतों का असर
दरअसल, अमेरिका-ईरान तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ते संकट का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार पर भी पड़ रहा है। कच्चे तेल और एलपीजी की सप्लाई प्रभावित होने से कई देशों में महंगाई बढ़ी है। भारत में भी पिछले दो हफ्तों के दौरान कई बार पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
भीषण गर्मी से परेशान कई राज्य
उत्तर भारत के कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। तापमान बढ़ने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई इलाकों में लू चलने की संभावना जताई है।