कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और ममता बनर्जी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य में “बुलडोजर राजनीति” और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। अपने संबोधन में ममता बनर्जी ने कहा कि पिछले 20 दिनों से उनकी पार्टी लगातार राजनीतिक प्रताड़ना झेल रही है और कई नेताओं को इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया है।
यह चुनाव था या लोकतंत्र का मजाक?
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली हुई। उन्होंने दावा किया कि करीब एक करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए और काउंटिंग सेंटरों में गड़बड़ी की गई। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों की वर्दी पहनकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंदर प्रवेश किया और उनके एजेंटों के पहचान पत्र तक छीन लिए गए।
हम 200 से ज्यादा सीटें जीतते
तृणमूल प्रमुख ने कहा कि जनता की गलती नहीं थी, बल्कि चुनाव परिणामों को बदला गया। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी 200 से अधिक सीटें जीत सकती थी, लेकिन लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया गया। ममता ने सवाल उठाया कि अगर भाजपा ने वास्तव में जनादेश हासिल किया है तो जनता में उत्सव का माहौल क्यों नहीं दिख रहा।
संरक्षक ही बन गया भक्षक
ममता बनर्जी ने राज्य में बढ़ती कार्रवाई और गिरफ्तारियों पर चिंता जताते हुए कहा कि अब “संरक्षक ही भक्षक बन गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगमों को स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने दिया जा रहा और बिना सुनवाई के बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोग पूरी जिंदगी मेहनत कर घर बनाते हैं और अब उन्हें जबरन तोड़ा जा रहा है।
भाजपा पर संस्कृति विरोधी होने का आरोप
अपने भाषण में ममता बनर्जी ने भाजपा पर बंगाल की संस्कृति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले रवींद्र जयंती बड़े स्तर पर मनाई जाती थी, लेकिन अब सांस्कृतिक माहौल खत्म होता जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खेल प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र रही युवाभारती के सामने की एक प्रतिमा को राजनीतिक द्वेष में तोड़ दिया गया।
महिलाएं शाम को बाहर निकलने से डर रही हैं
ममता बनर्जी ने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब शाम को बाहर निकलने में डर महसूस कर रही हैं और पहले की तरह सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोग हिस्सा नहीं ले रहे। उन्होंने ध्वनि प्रदूषण और प्रशासनिक सख्ती को लेकर भी सरकार को घेरा।
हम बुलडोजर राजनीति के खिलाफ लड़ेंगे
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी डरने वाली नहीं है और वह भाजपा की कथित “बुलडोजर राजनीति” के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अवसरवादियों के पार्टी छोड़ने से संगठन और मजबूत होगा।
संविधान बड़ा या बंदूक की ताकत?
अपने संबोधन के अंत में ममता बनर्जी ने प्रशासन और कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि कानून की रक्षा करने वालों को भी संविधान के दायरे में रहना होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह तय होगा कि देश में संविधान बड़ा है या “बंदूक की नली की ताकत।”