कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के आंकड़ों ने राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है। इन आंकड़ों को पूरी तरह से 'बनावटी' बताते हुए तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि यह सब शेयर बाजार को धराशायी होने से बचाने के लिए किया गया एक सुनियोजित षड्यंत्र है।
'सच दिखाते तो गिर जाता शेयर बाजार'
फेसबुक पर एक वीडियो संदेश के जरिए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, "एग्जिट पोल में अपनी जीत दिखाने के लिए नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने मीडिया संस्थानों को मजबूर किया है। अगर सच्चाई दिखाई जाती, तो शेयर बाजार में भारी धस (गिरावट) आ जाती। इसी डर से गलत आंकड़े पेश किए जा रहे हैं।"
230 सीटों के साथ सत्ता में वापसी का दावा
ममता बनर्जी ने पुराने चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि 2016 और 2021 में भी एग्जिट पोल गलत साबित हुए थे। उन्होंने विश्वास जताया कि टीएमसी भारी बहुमत के साथ सत्ता में लौट रही है। उन्होंने कहा, *"हमें खबर मिली है कि हम 226 का आंकड़ा पार करेंगे और यह संख्या 230 तक भी पहुंच सकती है। बीजेपी सिर्फ हमारे कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने के लिए ऐसी खबरें फैलवा रही है।"
अमित शाह के निर्देश पर अत्याचार का आरोप
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बलों और बीजेपी पर हिंसा का आरोप लगाते हुए कहा, "अमित शाह के निर्देश पर केंद्रीय बलों ने भयानक अत्याचार किया है। हमारे कार्यकर्ताओं को मारा गया, महिलाओं पर हमले हुए और एक व्यक्ति की जान भी चली गई। बेहाला में भी कल रात तांडव मचाया गया।"
कार्यकर्ताओं से शांति की अपील
एग्जिट पोल देखकर मायूस हुए कार्यकर्ताओं को जोश भरते हुए ममता ने कहा कि बीजेपी के पास हजारों बूथों पर एजेंट देने तक की ताकत नहीं है। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि वे बीजेपी के किसी भी उकसावे में न आएं और शांति बनाए रखें, क्योंकि असली नतीजे तृणमूल के पक्ष में ही आएंगे।