कोलकाता। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो शनिवार (23 मई 2026) को भारत दौरे पर कोलकाता पहुंचे। यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। उनकी यात्रा की शुरुआत कोलकाता से हुई, जहां उन्होंने एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद वे शाम को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी महत्वपूर्ण मुलाकात प्रस्तावित है।इस यात्रा के दौरान रुबियो भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा, टेक्नोलॉजी, ऊर्जा और QUAD जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
PM मोदी से आज होगी मुलाकात
सूत्रों के अनुसार, कोलकाता में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रुबियो सीधे दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
अमेरिका के विशेष दूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि इस यात्रा में रणनीतिक साझेदारी, व्यापार और रक्षा सहयोग जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी।
QUAD बैठक में भी लेंगे हिस्सा
रुबियो दिल्ली में आयोजित QUAD देशों की विदेश मंत्रियों की बैठक में भी भाग लेंगे। इस दौरान वे भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग को मजबूत करने पर विचार करेंगे।
आगरा और जयपुर का भी दौरा
विदेश मंत्री रुबियो सोमवार को आगरा और जयपुर का दौरा करेंगे। इसके बाद मंगलवार को वे फिर से दिल्ली लौटेंगे, जहां QUAD बैठक में हिस्सा लेंगे।उन्होंने अपनी यात्रा से पहले कहा कि भारत अमेरिका का एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है और इस दौरे से दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे।
भारत-अमेरिका संबंधों पर चर्चा
इस यात्रा को भारत और अमेरिका के बीच हालिया तनाव के बाद संबंध सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापार, टैरिफ, H1B वीजा और अन्य मुद्दों पर पिछले समय में मतभेद रहे हैं। हालांकि अब दोनों देश रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।