नई दिल्ली। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सेवा तीर्थ में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका आने का आमंत्रण दिया।
दोनों नेताओं के बीच रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, रणनीतिक तकनीक और इंडो-पैसिफिक सहयोग सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में पश्चिम एशिया की स्थिति और ईरान संकट को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और अमेरिकी अंडर सेक्रेटरी एलिसन हूकर भी उपस्थित रहे।मार्को रूबियो की यह भारत यात्रा अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के हालिया चीन दौरे के महज एक सप्ताह बाद हो रही है।
ट्रम्प ने चीन यात्रा के दौरान राष्ट्रपति शी जिनपिंग की खुलकर प्रशंसा की थी, जिसके बाद एशियाई राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत दौरे के जरिए अमेरिका इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अपने संबंधों को और मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।