सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी Meta अब अपने प्लेटफॉर्म्स WhatsApp, Instagram और Facebook के लिए नए ‘Plus’ सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च करने जा रही है। इन नए प्लान्स के जरिए यूजर्स को कई प्रीमियम फीचर्स और एडवांस कस्टमाइजेशन ऑप्शन मिलेंगे, जिनके लिए अब पैसे चुकाने होंगे। कंपनी का मकसद विज्ञापनों पर निर्भरता कम कर नए रेवेन्यू मॉडल को मजबूत करना है। हालांकि Meta Verified प्लान पहले की तरह अलग से जारी रहेगा। भारत में लॉन्चिंग को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि Meta जल्द ही इन्हें फेज़ वाइज रोलआउट कर सकती है। भारत Meta का सबसे बड़ा यूजर मार्केट है, इसलिए यहां इन फीचर्स को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल सकता है।
Instagram Plus और Facebook Plus में क्या मिलेगा?
Meta के नए Instagram Plus और Facebook Plus प्लान खासतौर पर क्रिएटर्स और सोशल मीडिया पर एक्टिव यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। इन प्लान्स में यूजर्स को यह देखने की सुविधा मिलेगी कि उनकी स्टोरी को कितनी बार दोबारा देखा गया।
इसके अलावा कई नए फीचर्स भी जोड़े गए हैं-
अब यूजर्स अलग-अलग लोगों के लिए कई ‘क्लोज फ्रेंड्स’ लिस्ट बना सकेंगे।
स्टोरी 24 घंटे बाद अपने आप डिलीट नहीं होगी, बल्कि ज्यादा समय तक प्रोफाइल पर रखी जा सकेगी।
यूजर्स किसी की स्टोरी बिना नाम दिखे देख सकेंगे।
प्रोफाइल अपडेट करने पर दोस्तों की फीड में नोटिफिकेशन नहीं जाएगा।
नए फॉन्ट, सुपर हार्ट रिएक्शन और कस्टम ऐप आइकॉन जैसे डिजाइन फीचर्स भी मिलेंगे।
WhatsApp Plus में क्या होगा खास?
WhatsApp Plus को पूरी तरह मैसेजिंग एक्सपीरियंस और पर्सनलाइजेशन पर फोकस करके तैयार किया गया है। इसमें यूजर्स को चैट थीम बदलने, कस्टम रिंगटोन लगाने, ज्यादा चैट पिन करने और प्रीमियम स्टिकर्स इस्तेमाल करने जैसे फीचर्स मिलेंगे।
Meta AI के लिए भी आएंगे नए प्लान
Meta अपने AI फीचर्स के लिए भी नए सब्सक्रिप्शन मॉडल टेस्ट कर रही है।
Meta One Plus – 7.99 डॉलर प्रति महीना (करीब ₹770)
Meta One Premium – 19.99 डॉलर प्रति महीना (करीब ₹1,900)
प्रीमियम प्लान में बेहतर AI रीजनिंग, हाई-कंप्यूट क्वेरीज और एडवांस वीडियो-इमेज जनरेशन जैसे फीचर्स मिलेंगे।
क्रिएटर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए एडवांस प्लान
Meta ने बिजनेस और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए भी दो नए प्लान पेश किए हैं-
Meta One Essential
इस प्लान में वेरिफाइड बैज, फेक अकाउंट प्रोटेक्शन और एडवांस लिंकशीट जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
Meta One Advanced
इस प्लान में कंटेंट प्रमोशन, सर्च में ऊपर दिखने, ऑटो फॉलो इनविटेशन और एडवांस एनालिटिक्स जैसे फीचर्स दिए जाएंगे। इससे बिजनेस और क्रिएटर्स को अपने सोशल मीडिया रीच और ट्रैफिक बढ़ाने में मदद मिलेगी।
क्यों बदल रहा है सोशल मीडिया का बिजनेस मॉडल?
अब तक Facebook, Instagram और WhatsApp पूरी तरह मुफ्त प्लेटफॉर्म रहे हैं और उनकी कमाई मुख्य रूप से विज्ञापनों और यूजर डेटा पर आधारित थी। लेकिन अब दुनियाभर में यूजर ग्रोथ धीमी पड़ने और प्राइवेसी नियम सख्त होने के कारण कंपनियां नए रेवेन्यू मॉडल की तरफ बढ़ रही हैं। Meta अब Elon Musk के X (Twitter) की तरह सीधे यूजर्स से सब्सक्रिप्शन फीस लेकर प्रीमियम सर्विस देने की रणनीति पर काम कर रही है।