देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार केरलम में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 2 से 3 दिनों के दौरान गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों को कवर कर सकता है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर भारत के कुछ अन्य क्षेत्रों में भी मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक केरलम, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में अगले सात दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम पूरी तरह बदलने की संभावना है।
मध्य और उत्तर भारत में प्री-मानसून गतिविधियां तेज
मध्यप्रदेश, राजस्थान सहित देश के कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियों का असर देखने को मिल रहा है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।
इस बार 3 दिन देरी से पहुंचा मानसून
आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून हर वर्ष 1 जून के आसपास केरलम पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी एंट्री लगभग तीन दिन देरी से हुई है। सामान्य परिस्थितियों में मानसून अगले डेढ़ महीने के भीतर पूरे देश को कवर कर लेता है। इसके बाद सितंबर के मध्य में राजस्थान से इसकी वापसी शुरू होती है और अक्टूबर के मध्य तक मानसून पूरी तरह लौट जाता है।
24 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
IMD ने ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और तेलंगाना समेत 24 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना जताई है। राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है। वहीं दिल्ली के लिए दो दिनों का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
केरलम के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
केरल में मानसून की दस्तक के साथ कई जिलों में लगातार भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 11 से 20 सेंटीमीटर तक अत्यधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
कई राज्यों में अब भी जारी है गर्मी का असर
बारिश के बावजूद देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के कई क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। हालांकि मानसून की प्रगति के साथ आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।