मालदा: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबाड़ी में न्यायिक अधिकारियों पर हमले के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार देर रात मोथाबाड़ी और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर इन सभी आरोपियों को पकड़ा गया।
मंगलवार को अदालत में पेश
मंगलवार को गिरफ्तार सभी 15 आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच पैदल चलाकर अदालत में पेश किया गया। एनआईए ने अदालत में दो अलग-अलग केस डायरी जमा की हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि दोनों मामलों में इन आरोपियों की भूमिका सामने आई है।
CCTV और सोशल मीडिया वीडियो से पहचान
एनआईए सूत्रों के मुताबिक, घटना वाले दिन के सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की गहन जांच के बाद आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद सोमवार रात कई जगहों पर एक साथ छापेमारी कर गिरफ्तारियां की गईं।
15 मोबाइल फोन जब्त
जांच एजेंसी ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। सभी मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए CFSL भेजा गया है। अधिकारियों का मानना है कि इन मोबाइल फोन से मामले से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं।
14 दिन की न्यायिक हिरासत की मांग
एनआईए ने अदालत से सभी आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की है। मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।