पश्चिम बंगाल में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुण्यार्थियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। नदिया जिले के नवद्वीप और मायापुर से दर्शन कर हुगली के खानाकुल लौट रही बस जमालपुर के इलामबाजार इलाके के पास अचानक अनियंत्रित होकर भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में कम से कम 8 पुण्यार्थी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 2 यात्रियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
करीब 60 यात्रियों से भरी थी बस
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, हादसे के समय बस में करीब 60 पुण्यार्थी सवार थे। बुधवार सुबह अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराने के बाद सीधे एक मकान में जा घुसी । टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान का एक हिस्सा ढह गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए और तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
बिजली के खंभे से टकराने के बाद बस की छत पर लगी आग
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी और पुण्यार्थी अरूप कुमार मंडल ने बताया कि बिजली के खंभे से टकराने के बाद संभवतः शॉर्ट सर्किट की वजह से बस की छत पर आग लग गई थी। स्थिति और भयावह तब हो गई जब बस का इलेक्ट्रॉनिक दरवाजा लॉक हो गया, जिससे यात्री अंदर फंस गए।
स्थानीय लोगों ने तोड़ा बस का दरवाजा, बचाई जान
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए लोहे की रॉड (शाबल) की मदद से बस का दरवाजा तोड़ा और एक-एक कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की इस बहादुरी से बड़ा हादसा टल गया।
2 गंभीर घायलों को बर्दवान मेडिकल कॉलेज रेफर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जमालपुर ब्लॉक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने 2 पुण्यार्थियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने की वजह से बस अनियंत्रित हुई, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।