NTA ने 3 मई को आयोजित और बाद में रद्द की गई NEET-UG 2026 परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्र अब आधिकारिक पोर्टल के जरिए अपने बैंक खाते की जानकारी जमा कर फीस वापसी का दावा कर सकते हैं।
पोर्टल पर उपलब्ध कराया गया रिफंड विकल्प
एनटीए की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, NEET-UG 2026 पंजीकरण पोर्टल पर रिफंड लिंक सक्रिय कर दिया गया है। उम्मीदवार अपने आवेदन नंबर और अन्य लॉगिन क्रेडेंशियल की मदद से पोर्टल पर लॉगिन कर रिफंड प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
बैंक डिटेल्स भरना अनिवार्य
रिफंड प्राप्त करने के लिए उम्मीदवारों को खाताधारक का नाम, बैंक का नाम, खाता संख्या और IFSC कोड जैसी जानकारी भरनी होगी। इसके साथ ही छात्र चाहें तो रद्द किए गए चेक की स्कैन कॉपी भी अपलोड कर सकते हैं।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि एक बार बैंक डिटेल्स जमा होने के बाद उसमें किसी तरह का संशोधन नहीं किया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को सभी जानकारी ध्यानपूर्वक जांचने की सलाह दी गई है।
27 मई तक कर सकेंगे आवेदन
रिफंड प्रक्रिया के लिए बैंक विवरण जमा करने की अंतिम तिथि 27 मई रात 11:50 बजे निर्धारित की गई है। निर्धारित समय सीमा के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पेपर लीक विवाद के बाद रद्द हुई थी परीक्षा
गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। आरोप था कि कुछ लोगों ने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र हासिल कर उसे पैसों के बदले उम्मीदवारों तक पहुंचाया था।
इस मामले में अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच Central Bureau of Investigation (CBI) द्वारा की जा रही है।
21 जून को होगी पुनर्परीक्षा
एनटीए ने घोषणा की है कि NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे रिफंड और पुनर्परीक्षा से जुड़ी हर अपडेट के लिए NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।