नई दिल्ली - देश की सबसे बड़ी पेट्रोलियम मार्केटिंग कंपनी इंडियन ऑयल ने पेट्रोल और डीजल की कमी की खबरों को खारिज कर दिया है। कंपनी ने कहा है कि देश के किसी भी हिस्से में ईंधन की कोई व्यापक किल्लत नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
कुछ जगहों की समस्या अस्थायी
IOCL के मुताबिक, कुछ पेट्रोल पंपों पर तेल की कमी की जो खबरें सामने आई हैं, वे बेहद स्थानीय और अस्थायी प्रकृति की हैं। कंपनी ने कहा कि यह स्थिति क्षेत्रीय मांग और आपूर्ति में असंतुलन तथा बिक्री के पैटर्न में बदलाव की वजह से बनी है।
बढ़ी मांग के पीछे ये वजहें
इंडियन ऑयल ने बताया कि कुछ सरकारी पेट्रोल पंपों पर अचानक मांग बढ़ने के कई कारण हैं। इनमें फसल कटाई के मौसम में डीजल की खपत बढ़ना, निजी पेट्रोल पंपों की तुलना में सरकारी पंपों पर अपेक्षाकृत कम कीमत और अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के चलते संस्थागत खरीद में तेजी शामिल है।
सरकारी पंपों की ओर बढ़ा रुझान
कंपनी के अनुसार, निजी पेट्रोल पंपों पर अपेक्षाकृत अधिक कीमत होने के कारण ग्राहक सरकारी तेल कंपनियों के पंपों की ओर ज्यादा रुख कर रहे हैं। इससे कुछ स्थानों पर अस्थायी दबाव की स्थिति बनी। IOCL ने भरोसा दिलाया है कि पूरे देश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है। कंपनी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराहट में ईंधन खरीदारी से बचने की अपील की है।