नई दिल्ली/इस्लामाबाद: पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में एक बार फिर कटौती की है। नई दरों के मुताबिक पाकिस्तान में पेट्रोल 6 पाकिस्तानी रुपये और डीजल 6.80 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया है। वहीं दूसरी ओर भारत में लगातार तीसरी बार पेट्रोल, डीजल और CNG के दाम बढ़ाए गए हैं।
पाकिस्तान में नई कीमतें लागू
नई कीमतों के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 403.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल की कीमत 402.78 रुपये प्रति लीटर हो गई है। ये नई दरें 23 मई से लागू कर दी गई हैं। पिछले एक हफ्ते में पाकिस्तान में पेट्रोल कुल 11 रुपये और डीजल 11.80 रुपये प्रति लीटर सस्ता हुआ है। इससे पहले 16 मई को भी सरकार ने दोनों ईंधनों के दाम 5-5 रुपये घटाए थे।
आम लोगों को राहत की उम्मीद
पाकिस्तान में लगातार महंगाई और ईंधन संकट के बीच इस कटौती से मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहां पेट्रोल का इस्तेमाल मुख्य रूप से निजी वाहनों, रिक्शा और टू-व्हीलर्स में होता है, जबकि डीजल भारी ट्रांसपोर्ट और जनरेटरों में इस्तेमाल किया जाता है।
हर शुक्रवार तय हो रहे नए दाम
पाकिस्तान सरकार पिछले कुछ समय से हर शुक्रवार रात को पेट्रोलियम कीमतों की समीक्षा कर रही है। अमेरिका-ईरान तनाव और वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव के बाद वहां ईंधन कीमतों में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।
भारत में फिर बढ़े दाम
वहीं भारत में शनिवार को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया। दिल्ली में अब पेट्रोल ₹99.51 प्रति लीटर और डीजल ₹92.49 प्रति लीटर बिक रहा है। इसके अलावा दिल्ली-NCR में CNG की कीमत भी ₹1 प्रति किलो बढ़ा दी गई है। अब दिल्ली में CNG ₹81.09 प्रति किलो मिल रही है। पिछले 9 दिनों में यह तीसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है।
9 दिन में ₹5 तक बढ़े दाम
भारत में 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दाम ₹3 प्रति लीटर बढ़ाए गए थे। इसके बाद 19 मई को करीब 90 पैसे और अब फिर नई बढ़ोतरी की गई है। कुल मिलाकर 9 दिनों में पेट्रोल ₹4.77 और डीजल ₹4.81 प्रति लीटर महंगा हो चुका है।