पटना/बख्तियारपुर: शराब सेवन के आरोपियों को छुड़ाने के दौरान बवाल बिहार की राजधानी पटना के बख्तियारपुर इलाके में शराब सेवन के आरोप में हिरासत में लिए गए तीन लोगों को छुड़ाने की कोशिश के दौरान मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में विभाग की टीम पर ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और तीन कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रानीसराय इलाके में छापेमारी के दौरान हुआ हंगामा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम उत्पाद थाना की टीम ने बख्तियारपुर के रानीसराय क्षेत्र में छापेमारी की थी। इस दौरान शराब सेवन के संदेह में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। हिरासत के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों ने टीम पर किया पथराव
बाढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO-2) आयुष श्रीवास्तव के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और उत्पाद विभाग की टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में विभाग की एसयूवी वाहन को नुकसान पहुंचा।
हमले में 3 कर्मी घायल, अस्पताल में इलाज जारी
इस हमले में उत्पाद विभाग के चालक कन्हैया कुमार, सिपाही आदित्य राज और मंटू कुमार घायल हो गए। सभी घायलों को बख्तियारपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
2 आरोपी गिरफ्तार, आपराधिक रिकॉर्ड की जांच
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों की पहचान बड़ी महमूदपुर निवासी रामचंद्र पासवान उर्फ रामानंद पासवान और कन्हैया कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पहले भी शराब पीने और बेचने के मामलों में पकड़े जा चुके हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य नामजद और अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।