नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। यह कार्यक्रम 19वें रोजगार मेले के तहत आयोजित किया जा रहा है, जो सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री युवाओं से संवाद भी करेंगे।
सरकार के अनुसार रोजगार मेला युवाओं को सरकारी नौकरियों से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों में लगभग 12 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
47 शहरों में होगा आयोजन
इस बार रोजगार मेला देश के 47 शहरों में आयोजित किया जा रहा है। चयनित युवाओं को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवा और उच्च शिक्षा सहित विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्तियां दी जाएंगी।
युवाओं से संवाद करेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट कर कहा कि सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य और उन्हें मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले से युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का मौका मिल रहा है।