भोगपुरम | आंध्र प्रदेश- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में नवनिर्मित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 18 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विकास कार्यों के साथ कांग्रेस पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले देश में बनने वाले कई एयरपोर्ट एक ही परिवार के नाम पर रखे जाते थे, लेकिन एनडीए सरकार ने इस परंपरा को बदलकर देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों को सम्मान देने का काम किया है।
'एक परिवार की राजनीति खत्म, महापुरुषों को मिला सम्मान' : PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले एयरपोर्ट और बड़ी परियोजनाओं का नाम एक ही परिवार तक सीमित रहता था, लेकिन उनकी सरकार ने इस सोच को बदल दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि और पंजाब के एयरपोर्ट का नाम संत रविदास के नाम पर रखा गया। अब भोगपुरम के इस नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह देश के नायकों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
आंध्र प्रदेश को मिली 18 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन आंध्र प्रदेश के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने करीब 18 हजार करोड़ रुपये की कई आधारभूत संरचना परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन योजनाओं में सड़क, रेलवे, बंदरगाह और विमानन क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं, जो उत्तर आंध्र के आर्थिक विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य के समग्र विकास के लिए लगातार निवेश कर रही है।
AI तकनीक से लैस होगा नया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट
करीब 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से विकसित भोगपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को आधुनिक तकनीकों से लैस किया गया है। एयरपोर्ट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बिल्डिंग इंफॉर्मेशन मॉडलिंग (BIM), एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशन सेंटर (APOC), बायोमेट्रिक पैसेंजर प्रोसेसिंग और ऑटोमेटेड बैगेज हैंडलिंग सिस्टम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पहले चरण में इसकी क्षमता प्रतिवर्ष 60 लाख यात्रियों की होगी, जबकि भविष्य में इसे बढ़ाकर 4 करोड़ यात्रियों तक ले जाने की योजना है। यहां से व्यावसायिक उड़ानों का संचालन 17 अगस्त से शुरू होगा।
'छोटे शहरों के लोगों का भी हवाई सफर का सपना हुआ पूरा'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 तक देश में केवल 74 एयरपोर्ट संचालित थे, लेकिन आज यह संख्या बढ़कर 166 हो गई है। उन्होंने कहा कि पहले हवाई यात्रा बड़े शहरों तक सीमित थी, लेकिन अब छोटे शहरों के लोग भी आसानी से विमान यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने उड़ान योजना (UDAN) के दूसरे चरण के लिए 29 हजार करोड़ रुपये का बजट तय किया है, जिससे देश के दूरदराज़ क्षेत्रों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी।