नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक, अपमानजनक और मानहानिकारक पोस्ट साझा करने के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सात से आठ सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट कर रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) को नोटिस जारी कर संबंधित अकाउंट्स की जानकारी और डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
X को तीन घंटे में कार्रवाई का निर्देश
स्पेशल सेल के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने X को भेजे नोटिस में संबंधित पोस्ट को तीन घंटे के भीतर हटाने या उनकी पहुंच सीमित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित अकाउंट्स से जुड़े डेटा, लॉग, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने को भी कहा गया है।
इन धाराओं में दर्ज हुई एफआईआर
दिल्ली पुलिस ने संबंधित अकाउंट्स के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) (आपराधिक धमकी), 353(2) (झूठी सूचना या अफवाह फैलाना) और 356(2) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों को निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की गई।
CJP प्रदर्शन के दौरान अपलोड हुए थे कुछ पोस्ट
जांच से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, संदेह के घेरे में आए कुछ पोस्ट हाल ही में आयोजित CJP के 'संसद चलो' प्रदर्शन के दौरान और उसके बाद अपलोड किए गए थे। इन पोस्ट में प्रधानमंत्री और सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की तथ्यात्मक और कानूनी जांच जारी है।
अकाउंट धारकों की पहचान में जुटी पुलिस
सूत्रों के अनुसार, IFSO यूनिट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत X से संबंधित अकाउंट धारकों के नाम, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, आईपी लॉग, लॉगिन-लॉगआउट विवरण और अन्य तकनीकी जानकारी मांगी है। इन जानकारियों के आधार पर पोस्ट करने वालों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।