नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वीर सावरकर और तेलुगु देशम पार्टी के संस्थापक एनटी रामाराव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने दोनों नेताओं के योगदान को देश और समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि वीर सावरकर की देशभक्ति और एनटी रामाराव का जनकल्याण के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
वीर सावरकर को बताया महान क्रांतिकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वे वीर सावरकर को उनकी जयंती पर नमन करते हैं। पीएम ने कहा कि वीर सावरकर का साहस, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा लोगों को प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुधारों को लेकर उनकी सोच और उनकी बुद्धिमत्ता भी बेहद उल्लेखनीय थी। प्रधानमंत्री ने वीर सावरकर को महान क्रांतिकारी और प्रखर राष्ट्रवादी विचारक बताते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व वीरता और बुद्धिमत्ता का अद्भुत संगम था। उन्होंने कहा कि सावरकर के विचार और संघर्ष देश की हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।
स्वतंत्रता आंदोलन में निभाई अहम भूमिका
विनायक दामोदर सावरकर हिंदू महासभा के प्रमुख नेताओं और विचारकों में शामिल थे। उनका जन्म 28 मई 1883 को महाराष्ट्र में हुआ था। उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और ब्रिटिश शासन के खिलाफ कई आंदोलनों का नेतृत्व किया। सावरकर को लंबे समय तक अंडमान की सेल्युलर जेल में भी कैद रखा गया था। उनका निधन 26 फरवरी 1966 को 82 वर्ष की उम्र में हुआ था।
एनटी रामाराव को भी पीएम ने किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी के संस्थापक एनटी रामाराव की 103वीं जयंती पर भी श्रद्धांजलि दी। पीएम ने कहा कि एनटी रामाराव ने गरीबों और वंचितों के सम्मान के लिए जीवनभर काम किया और सुशासन की मजबूत मिसाल पेश की। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि जनकल्याण और सुशासन के प्रति एनटी रामाराव की प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि एनटीआर ने राजनीति और सिनेमा दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई और उनका जीवन आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
सिनेमा से राजनीति तक बनाया अलग मुकाम
एनटी रामाराव का जन्म 28 मई 1923 को हुआ था। राजनीति में आने से पहले वह तेलुगु सिनेमा के बड़े सुपरस्टार थे और उन्होंने करीब 300 फिल्मों में अभिनय किया था। बाद में उन्होंने 1982 में तेलुगु देशम पार्टी की स्थापना की और संयुक्त आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में तीन कार्यकाल पूरे किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश की एनडीए सरकार एनटी रामाराव के सपनों और जनता की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। एनटी रामाराव का निधन 18 जनवरी 1996 को हुआ था।