कोलकाता: पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहला रिएक्शन सामने आया है। बीजेपी उम्मीदवार देबांगशु पांडा की रिकॉर्ड जीत पर पीएम मोदी ने खुशी जताते हुए इसे लोकतंत्र की जीत और धमकियों की हार बताया।
PM मोदी ने एक्स पर जताई खुशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “फाल्टा की जनता ने अपना फैसला सुना दिया है। लोकतंत्र की जीत हुई है और धमकियों की हार हुई है।” उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार देबांगशु पांडा को रिकॉर्ड अंतर से जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह पश्चिम बंगाल की जनता का बीजेपी के प्रति बढ़ता विश्वास दिखाता है। पीएम मोदी ने लिखा कि राज्य की जनता बीजेपी सरकार के विकास कार्यों को देख रही है और इसी वजह से पार्टी को लगातार समर्थन मिल रहा है।
BJP उम्मीदवार देबांगशु पांडा की रिकॉर्ड जीत
फाल्टा उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार देबांगशु पांडा ने 1,09,021 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। देबांगशु पांडा को कुल 1,49,666 वोट मिले, जबकि सीपीआई (एम) उम्मीदवार शंभूनाथ कुर्मी 40,645 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुर रज्जाक तीसरे और तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान चौथे स्थान पर रहे।
TMC की जमानत जब्त
इस उपचुनाव का सबसे बड़ा झटका तृणमूल कांग्रेस को लगा। पार्टी उम्मीदवार जहांगीर खान सिर्फ 7,783 वोट ही हासिल कर सके और उनकी जमानत जब्त हो गई। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस के इतिहास में यह पहली बार है जब पार्टी का उम्मीदवार किसी चुनाव में चौथे स्थान पर पहुंचा और जमानत जब्त हुई।
क्यों खास है फाल्टा का नतीजा?
फाल्टा सीट का परिणाम कई मायनों में बेहद अहम माना जा रहा है। 2011 में ममता बनर्जी सरकार बनने के बाद यह पहली बार है जब किसी बड़े चुनाव में टीएमसी उम्मीदवार की जमानत जब्त हुई है। इसके अलावा जनवरी 1998 में पार्टी गठन के बाद पहली बार तृणमूल कांग्रेस का उम्मीदवार चौथे नंबर पर पहुंचा है।
दोबारा मतदान के बाद आया नतीजा
फाल्टा सीट पर पहले चरण की वोटिंग के दौरान ईवीएम और चुनावी अनियमितताओं को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद चुनाव आयोग ने सभी 285 बूथों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया था। 21 मई को भारी सुरक्षा के बीच पुनर्मतदान कराया गया था।
BJP की सीटें बढ़कर 208 हुईं
फाल्टा सीट जीतने के बाद पश्चिम बंगाल विधानसभा में बीजेपी की कुल सीटें बढ़कर 208 हो गई हैं। बीजेपी नेताओं ने इसे बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव बताते हुए आने वाले चुनावों के लिए सकारात्मक संकेत कहा है।