पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट पर हुए पुनर्मतदान में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है। बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने सीपीआई(एम) उम्मीदवार शंभू नाथ कुर्मी को 1,09,021 वोटों के भारी अंतर से हराया। वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान चौथे स्थान पर रहे।
पीएम मोदी ने जताई खुशी
इस जीत पर प्रधानमंत्री Narendra Modi ने खुशी जाहिर करते हुए इसे लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि फालता की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है और धमकियों की राजनीति को नकार दिया है। प्रधानमंत्री ने बीजेपी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा जता रही है।
चुनाव परिणाम में BJP का दबदबा
फालता सीट पर बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा को 1,49,666 वोट मिले। वहीं CPI(M) के शंभू नाथ कुर्मी को 40,645 वोट प्राप्त हुए। कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुर रज्जाक मोल्ला तीसरे स्थान पर रहे, जबकि TMC उम्मीदवार जहांगीर खान को केवल 7,783 वोट मिले और उनकी जमानत जब्त हो गई।
वोट शेयर में बड़ा बदलाव
इस पुनर्मतदान में बीजेपी का वोट शेयर बढ़कर 71.2 प्रतिशत पहुंच गया, जबकि 2021 विधानसभा चुनाव में यह 36.75 प्रतिशत था। दूसरी ओर TMC का वोट शेयर गिरकर मात्र 3.7 प्रतिशत रह गया। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह परिणाम पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है।
क्यों हुआ था पुनर्मतदान?
निर्वाचन आयोग ने 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान ईवीएम पर स्याही, चिपकने वाले पदार्थ और परफ्यूम जैसे रसायनों के इस्तेमाल की शिकायत मिलने के बाद सभी 285 बूथों पर 21 मई को पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया था। मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराया गया।
मतदान से पहले TMC उम्मीदवार ने पीछे हटने का किया था ऐलान
पुनर्मतदान से दो दिन पहले TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने फालता के हित में चुनाव से पीछे हटने की घोषणा की थी। हालांकि नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त हो चुकी थी, इसलिए उनका नाम ईवीएम में बना रहा।
शुभेंदु अधिकारी ने TMC पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने इस परिणाम को जनता की स्वतंत्र वोटिंग का नतीजा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि TMC डर और दबाव की राजनीति करती रही है। उन्होंने बिना नाम लिए TMC महासचिव और डायमंड हार्बर सांसद पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव चाहती है।
देबांग्शु पांडा ने जनता का जताया आभार
जीत के बाद देबांग्शु पांडा ने फालता की जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस बार लोगों को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से मतदान करने का मौका मिला और यह जीत जनता की जीत है।