नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आयोजित 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। यह कार्यक्रम देश के 47 अलग-अलग केंद्रों पर एक साथ आयोजित किया गया, जहां चयनित उम्मीदवारों को विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में नियुक्ति मिली।
कई मंत्रालयों में मिली नियुक्ति
रोजगार मेले के तहत युवाओं को रेलवे मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग समेत कई केंद्रीय मंत्रालयों और सरकारी संगठनों में नियुक्ति दी गई है। चयनित उम्मीदवार अब सरकारी सेवाओं में अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।
पीएम बोले- दुनिया भारत के साथ बढ़ना चाहती है
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वह हाल ही में 5 देशों की यात्रा से लौटे हैं और इस दौरान दुनिया की बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों से उनकी बातचीत हुई। पीएम ने कहा कि पूरी दुनिया भारत की तकनीकी प्रगति और विकास यात्रा को लेकर उत्साहित है। उन्होंने कहा कि भारत अब वैश्विक साझेदारी के जरिए युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर तैयार कर रहा है। साथ ही सरकार युवाओं के कौशल विकास और क्षमता निर्माण पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
रोजगार मेलों से तेज हुई भर्ती प्रक्रिया
केंद्र सरकार का कहना है कि रोजगार मेलों के माध्यम से सरकारी विभागों में रिक्त पदों को तेजी से भरा जा रहा है। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार लगातार रोजगार मेले आयोजित कर विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया को गति दे रही है।