2019 के पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े आतंकी हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के मुजफ्फराबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूत्रों के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाया, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को बड़े आतंकी नेटवर्क के लिए झटका मान रही हैं।
अल बद्र संगठन से जुड़ा था हमजा
बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान आतंकी संगठन अल बद्र से जुड़ा हुआ था। वह मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुलवामा इलाके का रहने वाला था, लेकिन वर्ष 2017 में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर चला गया था। इसके बाद वह आतंकी गतिविधियों में सक्रिय हो गया।
स्कूल प्रिंसिपल बनकर छिपा रहा पहचान
सूत्रों के मुताबिक हमजा पाकिस्तान में अपनी पहचान छिपाने के लिए खुद को शिक्षक बताता था। वह एक स्कूल में प्रिंसिपल के रूप में भी काम कर रहा था, ताकि उसकी असली गतिविधियों पर किसी को शक न हो। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह उसके लिए कवर ऑपरेशन की तरह काम कर रहा था।
पुलवामा हमले में बताई जाती थी अहम भूमिका
14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए आत्मघाती आतंकी हमले में CRPF के 40 जवान शहीद हुए थे। जांच एजेंसियों के अनुसार हमजा बुरहान उन आतंकियों में शामिल था, जिन्होंने हमले की साजिश तैयार करने और नेटवर्क खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई थी।
सुरक्षा एजेंसियां जुटीं जानकारी इकट्ठा करने में
हमजा की मौत के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। माना जा रहा है कि इस घटना के बाद पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों के नेटवर्क को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।