महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में पिछले कुछ दिनों में 16 लोगों की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये मौतें जहरीली शराब पीने से हुई हैं, हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस दावे को खारिज किया है। मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने लगाए जहरीली शराब के आरोप
फुगेवाड़ी इलाके में अवैध हाथभट्टी और देसी शराब के अड्डों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जहरीली शराब की वजह से इन लोगों की मौत हुई है। हालांकि Pune Police ने इसे अफवाह बताते हुए कहा है कि शुरुआती जांच में सभी मौतें अलग-अलग कारणों से हुई प्रतीत हो रही हैं।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार पांडुरंग फुगे की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, जबकि विजय राठौड़ और राजेंद्र राठौड़ की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका है। वहीं राजेंद्र राजपूत की मौत बाथरूम में गिरने से हुई बताई जा रही है। पुलिस ने यह भी कहा कि कुछ मृतक लंबे समय से अत्यधिक शराब सेवन के आदी थे।
अभी तक किसी ने दर्ज नहीं कराई शिकायत
पुलिस का कहना है कि मृतकों के परिवार या रिश्तेदारों की ओर से अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं आनंद काशीनाथ निकालजे और आनंद पांडेराव देसाई समेत अन्य मृतकों की मौत के कारणों की भी जांच जारी है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुणे पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच और अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।