कुलपी: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के कुलपी इलाके से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। 2022 के एक हत्या मामले में तृणमूल कांग्रेस के प्रभावशाली नेता और अल्पसंख्यक सेल के अध्यक्ष अब्दुर रहीम मोल्ला उर्फ रहीम मास्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रविवार रात उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
कौन हैं रहीम मास्टर?
अब्दुर रहीम मोल्ला उर्फ रहीम मास्टर मथुरापुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुलपी ब्लॉक के बड़े तृणमूल नेता माने जाते हैं। वह कुलपी ब्लॉक तृणमूल अल्पसंख्यक सेल के अध्यक्ष हैं और दक्षिण 24 परगना के गाजीपुर अंचल तृणमूल के अध्यक्ष पद पर भी हैं। उनकी पत्नी तृणमूल शासित गाजीपुर ग्राम पंचायत की प्रधान हैं, जिससे इलाके में उनका राजनीतिक प्रभाव काफी मजबूत माना जाता है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 2022 में दर्ज एक हत्या मामले की जांच के दौरान हाल ही में कुछ नए सुराग सामने आए थे। इन्हीं नए इनपुट्स और जांच के आधार पर रहीम मास्टर को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या मामले के पूरे घटनाक्रम और आरोपी की कथित भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
आज कोर्ट में पेशी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी रहीम मास्टर को सोमवार को डायमंड हार्बर सब-डिविजन कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस कोर्ट से रिमांड की मांग कर सकती है ताकि हत्या मामले में आगे की पूछताछ की जा सके।
गिरफ्तारी के बाद इलाके में बढ़ी हलचल
रहीम मास्टर की गिरफ्तारी के बाद कुलपी और गाजीपुर इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर चर्चाएं बढ़ गई हैं और विपक्ष भी इसे लेकर सत्तारूढ़ दल पर निशाना साध सकता है। वहीं, पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ाने में जुटी हुई है।