नई दिल्ली: नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए मजबूत व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
छात्रों के प्रदर्शन का वीडियो किया शेयर
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हैदराबाद में छात्रों के प्रदर्शन का वीडियो साझा किया। वीडियो में छात्र नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी की गई।
‘सरकार जवाब देने के बजाय बचने में लगी’
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि जब लाखों युवा सड़कों पर हों, 22 लाख छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हो और प्रधानमंत्री चुप रहें, तो यह साफ दिखाता है कि सरकार जवाब देने के बजाय बचने में लगी है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस ने दोहराई इस्तीफे की मांग
राहुल गांधी ने कहा, "जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते और नीट जैसे पेपर लीक रोकने के लिए मजबूत और फुलप्रूफ व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।" कांग्रेस लगातार नीट-यूजी परीक्षा रद्द होने के बाद शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखने में विफल रही है।
छात्रों के भविष्य को लेकर बढ़ी चिंता
देशभर में लाखों छात्र और अभिभावक इस मामले को लेकर चिंता में हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों के भरोसे और मेहनत दोनों को नुकसान पहुंचाती हैं। नीट विवाद को लेकर कई राज्यों में छात्र संगठनों ने प्रदर्शन भी किए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।