नई दिल्ली: देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। 10 दिनों में चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता की जेब पर लगातार वार किया जा रहा है।
‘महंगाई मानव मोदी का फिर हमला’
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘महंगाई मानव मोदी’ बताते हुए लिखा, “पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे।” उन्होंने कहा कि वे पिछले कई महीनों से आर्थिक संकट और महंगाई बढ़ने की चेतावनी दे रहे थे, लेकिन सरकार चुनावों में व्यस्त रही।
‘चुनाव खत्म होते ही बढ़े दाम’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल करीब 8 रुपये महंगा कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार महंगाई बढ़ा रही है। राहुल गांधी ने कहा, “महंगाई मानव मोदी का एक ही काम है- चुनाव में वादे और बाकी समय जनता की जेब पर वार।”
लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों से बढ़ी चिंता
देशभर में पेट्रोल-डीजल और CNG की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। परिवहन, खाने-पीने की चीजों और रोजमर्रा के सामानों पर भी इसका असर दिखाई देने लगा है। विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर महंगाई नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगा रहा है।
कांग्रेस ने सरकार से मांगा जवाब
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से मिडिल क्लास और गरीब परिवारों पर सीधा असर पड़ रहा है। पार्टी ने सरकार से दामों में राहत देने और महंगाई पर नियंत्रण करने की मांग की है।