नई दिल्ली: कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने पार्टी के मुस्लिम नेताओं से समुदाय से जुड़े मुद्दों को खुलकर उठाने का आग्रह किया है। शनिवार को कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की सलाहकार परिषद की बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी को ‘मुस्लिम’ शब्द इस्तेमाल करने से नहीं बचना चाहिए।
‘मुस्लिम पहचान के साथ मुद्दे उठाइए’
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने कहा कि अगर किसी मुस्लिम के साथ अन्याय होता है तो उसे सिर्फ ‘अल्पसंख्यक’ कहकर नहीं, बल्कि ‘मुस्लिम’ समुदाय के मुद्दे के तौर पर उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी तरह दलित, ओबीसी और सामान्य वर्ग से जुड़े मामलों में भी संबंधित समुदाय की पहचान के साथ आवाज उठाई जानी चाहिए। बैठक में मौजूद नेताओं के अनुसार राहुल गांधी का संदेश साफ था कि समुदायों की वास्तविक पहचान को सामने लाना जरूरी है, ताकि उनकी समस्याएं मजबूती से उठाई जा सकें।
कांग्रेस की नई रणनीति के संकेत?
राहुल गांधी के बयान को कांग्रेस की संभावित नई राजनीतिक रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि उन्होंने कहा कि आजकल लोग सीधे ‘मुस्लिम’ शब्द कहने से बचते हैं और उसकी जगह ‘माइनॉरिटी’ शब्द का इस्तेमाल करते हैं, जबकि स्पष्ट पहचान के साथ मुद्दा उठाना अधिक प्रभावी होता है।
ममता बनर्जी का भी किया जिक्र
बैठक में राहुल गांधी ने Mamata Banerjee का भी जिक्र किया। सूत्रों के अनुसार उन्होंने कहा कि पहले ममता बनर्जी वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस के साथ नहीं थीं, लेकिन अब उन्होंने भी इसके खिलाफ आंदोलन का आह्वान किया है।