नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे के दौरान दिए गए 'दिमागी नक्सल' वाले बयान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पलटवार किया है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि वे किसी भी समय और किसी भी जगह उनसे बहस करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने CRPF जवानों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके चेहरों ने सब बता दिया और उन्हें प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं है।
राहुल गांधी बोले- प्रधानमंत्री से बहस की चुनौती कायम
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया देते हुए CRPF जवानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "प्रिय CRPF के जवानों, आपके चेहरों ने सब बता दिया। आपको प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं।"
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें नक्सली कहा है, लेकिन उनकी चुनौती अब भी कायम है। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री उनसे बहस करें और बताएं कि देशद्रोही कौन हैं और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन चल रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि वे किसी भी समय और किसी भी जगह बहस के लिए तैयार हैं। उनके मुताबिक, इस बहस के बाद प्रधानमंत्री में किसी भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी।
बस्तर में CRPF जवानों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे थे PM मोदी
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के करणपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस पहुंचे थे। यहां उन्होंने CRPF जवानों के साथ दिवाली मनाई और सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात की।इस दौरान प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद और देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर अपने विचार रखे। उनके भाषण में 'दिमागी नक्सल' का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया।
PM मोदी बोले- हथियारबंद नक्सली खत्म, लेकिन खतरा अभी टला नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जंगलों में हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन खतरा अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।उन्होंने कहा कि दिमागी नक्सलियों ने कई संगठनों पर कब्जा कर लिया है। ऐसे लोगों की पहचान करना और उन्हें हराना जरूरी है।