Rajasthan Monsoon Update: राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को भारी बारिश हुई, जिसके बाद नदी-नालों और बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। धौलपुर में चंबल नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है और महज एक दिन में जलस्तर में करीब 30 फीट तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है। वहीं, उदयपुर संभाग में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज हुई। सेमारी में 185 MM यानी करीब 7.3 इंच बारिश हुई। जयपुर में भी तेज बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। जयसिंहपुरा खोर में पानी से भरे गड्ढे में बस का पहिया फंसने से निजी बस पलट गई, जिसमें कई यात्री घायल हुए। मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान के सभी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 14-15 अगस्त से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना जताई गई है।
धौलपुर में चंबल नदी खतरे के निशान के करीब
धौलपुर में लगातार हो रही बारिश और चंबल नदी में बढ़ते पानी ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार को चंबल का जलस्तर तेजी से बढ़ा और नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई। जानकारी के मुताबिक, चंबल का गेज एक दिन में करीब 10 मीटर यानी लगभग 30 फीट तक बढ़ा है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने चंबल के आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है। नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने की अपील की गई है।
उदयपुर में 7 इंच से ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान में सबसे ज्यादा बारिश उदयपुर जिले के सेमारी क्षेत्र में दर्ज हुई। यहां 185 MM यानी करीब 7.3 इंच पानी बरसा। इसके अलावा सलूंबर में 143 MM, लसाड़िया में 133 MM, झाडोल में 123 MM, झालड़ा और फलासिया में 115 MM, सराड़ा और कोटड़ा में 110 MM तथा कानोड़ में 70 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण उदयपुर संभाग के कई इलाकों में जलस्तर बढ़ा है और निचले क्षेत्रों में पानी भरने की स्थिति बनी है।
बीसलपुर में पानी पहुंचाने वाली त्रिवेणी नदी भी उफनी
राजस्थान के प्रमुख बीसलपुर बांध में पानी पहुंचाने वाली त्रिवेणी नदी इस मानसून सीजन में पहली बार तेज बहाव में दिखाई दी है। नदी का गेज 3 मीटर से ऊपर पहुंच गया है। चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा क्षेत्र में हुई बारिश का असर त्रिवेणी नदी पर भी दिखाई दे रहा है। नदी में बढ़ते जलस्तर से बीसलपुर बांध में पानी की आवक बढ़ने की उम्मीद है।
जयपुर में बस पलटी, आधा दर्जन लोग घायल
राजधानी जयपुर में बुधवार को चार घंटे से अधिक समय तक बारिश हुई। तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और लंबे समय तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। जयसिंहपुरा खोर में मानबाग चौराहे के पास बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे एक निजी बस पानी से भरे गड्ढे में फंस गई। गड्ढे में बस का टायर फंसने के बाद वाहन पलट गया। हादसे के समय बस में करीब 15 से 20 लोग सवार थे। इनमें से लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए। घायलों को एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
जयपुर में पेड़ गिरने से भी परेशानी
तेज बारिश के कारण जयपुर के कई हिस्सों में जलभराव हुआ। दुर्गापुरा इलाके में एक बड़ा पेड़ भी गिर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। जयपुर एयरपोर्ट पर बुधवार को 29 MM बारिश दर्ज हुई, जबकि जेएलएन मार्ग पर दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे के बीच 34 MM पानी बरसा। आमेर और नाहरगढ़ के पहाड़ी क्षेत्रों में भी तेज बारिश के बाद कई जगह झरने बहते दिखाई दिए।
कई जिलों में 2 इंच से ज्यादा बारिश
बुधवार को राजस्थान के कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। टोंक, श्रीगंगानगर, प्रतापगढ़, कोटा, करौली, जोधपुर, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर और सवाई माधोपुर में 2 इंच से अधिक बारिश हुई। इसके अलावा बाड़मेर, झालावाड़, धौलपुर, दौसा और बूंदी समेत कई जिलों में करीब 1 इंच तक बारिश दर्ज की गई। इससे पहले 11 अगस्त की शाम से 12 अगस्त की सुबह तक चित्तौड़गढ़ के बस्सी और गंगरार में भी 200 MM से अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई थी।
बारिश से 5 डिग्री तक गिरा तापमान
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई शहरों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बाड़मेर, उदयपुर, जोधपुर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा और सिरोही में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस बीकानेर में रिकॉर्ड किया गया।
सीकर और जोधपुर में भी बदला मौसम
सीकर जिला मुख्यालय पर बुधवार को करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सीकर के लिए गुरुवार को भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। जोधपुर में बुधवार दोपहर मौसम बदला और कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। बारिश के कारण शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम होकर 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
कोटा में बारिश से 3 डिग्री गिरा पारा
कोटा में बुधवार शाम करीब साढ़े 5 बजे मौसम बदला और शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। बारिश के बाद अधिकतम तापमान करीब 3 डिग्री तक गिर गया। बुधवार को कोटा का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जैसलमेर में भी तेज बारिश
पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर में भी बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। रामगढ़ क्षेत्र में बीती रात करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस बारिश से क्षेत्र में फसलों को फायदा मिल सकता है। जैसलमेर में गुरुवार को भी तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
14 अगस्त से कमजोर होगा मानसून
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में लो-प्रेशर सिस्टम मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में सक्रिय है। इसके प्रभाव से गुरुवार को राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि 14 अगस्त से पश्चिमी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है। 14 और 15 अगस्त के आसपास प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून कमजोर चरण में प्रवेश कर सकता है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना बनी रहेगी।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम?
गुरुवार को राजस्थान के सभी जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। नदी, बांध और जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।