भारत निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग के मुताबिक इन सीटों के लिए मतदान 18 जून 2026 को कराया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित राज्यों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ये चुनाव उन सीटों पर होंगे जहां मौजूदा सांसद जून और जुलाई के बीच रिटायर हो रहे हैं। कई बड़े नेताओं का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है, जिससे इस चुनाव को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
इन राज्यों में होंगे राज्यसभा चुनाव
राज्यसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, कर्नाटक, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में होंगे। आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में सबसे ज्यादा चार-चार सीटों पर मतदान कराया जाएगा। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों पर चुनाव होगा। झारखंड में दो सीटों और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश व मिजोरम में एक-एक सीट पर वोटिंग होगी।
कई दिग्गज नेताओं का खत्म होगा कार्यकाल
इन चुनावों के साथ कई बड़े नेताओं का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। इनमें मल्लिकार्जुन खरगे, दिग्विजय सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा राजस्थान से राजेंद्र गहलोत, नीरज डांगी और रवनीत सिंह की सीटें भी खाली होने जा रही हैं।
क्या है पूरा चुनाव कार्यक्रम
निर्वाचन आयोग के अनुसार 1 जून को अधिसूचना जारी की जाएगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून को कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना भी पूरी की जाएगी।
चुनाव आयोग ने जारी किए खास निर्देश
चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को लेकर विशेष निर्देश भी जारी किए हैं। आयोग ने साफ किया है कि मतदान के दौरान केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराया गया बैंगनी रंग का विशेष स्केच पेन ही इस्तेमाल किया जाएगा। आयोग ने कहा कि किसी अन्य पेन का उपयोग करने पर वोट अमान्य माना जा सकता है। निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की जाएगी।