कोलकाता : कोलकाता के चर्चित आर जी कर अस्पताल एक बार फिर विवादों में आ गया है। इस बार अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में कथित तौर पर एक ग्रुप-डी कर्मचारी की शराब और बिरयानी पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हंगामा खड़ा हो गया है। वीडियो सामने आते ही अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
आरोपी कर्मचारी ने बताया ‘पुराना वीडियो’
वायरल वीडियो को लेकर आरोपी कर्मचारी ने सफाई देते हुए दावा किया है कि यह वीडियो काफी पुराना है। आरोपी ने कहा, शायद यह बहुत पुराना वीडियो है। इसे किसने वायरल किया, मैं नहीं जानता। उसने आगे कहा कि उसका काम गरीब मरीजों को भर्ती कराने में मदद करना है और किसी ने योजनाबद्ध तरीके से इस पुराने वीडियो को दोबारा सोशल मीडिया पर फैलाया है।
साजिश के तहत वायरल किया गया वीडियो’ का दावा
आरोपी कर्मचारी का कहना है कि किसी ने जानबूझकर यह वीडियो पोस्ट किया है। उसने कहा, वीडियो शायद पुराना है, किसी ने अचानक इसे अब फैलाया है। मुझे नहीं पता कि यह किसने किया, लेकिन लगता है कि योजना बनाकर इसे वायरल किया गया।
अस्पताल प्रशासन ने कार्रवाई का किया दावा
वहीं, अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का कहना है कि आरोपी कर्मचारी के खिलाफ पहले ही आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है। हालांकि, इस मामले में क्या कार्रवाई हुई है, इसे लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
फिर सवालों के घेरे में RG Kar अस्पताल
इस घटना के बाद एक बार फिर अस्पताल की कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर लोग अस्पताल परिसर में इस तरह की गतिविधियों को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।