बारासात: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की आहट के बीच राज्य में अवैध नकदी और मादक पदार्थों के खिलाफ निगरानी तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में उत्तर 24 परगना के बारासात स्थित बामनगाछी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ (RPF) ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में नकदी के साथ पकड़ लिया।
तलाशी अभियान में 33 लाख कैश बरामद
स्टेशन पर चल रहे नियमित चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध हालत में घूम रहे युवक की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 32 लाख 97 हजार 400 रुपये नकद बरामद हुए। इतनी बड़ी राशि के संबंध में युवक कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
आयकर विभाग को सौंपी गई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने युवक को हिरासत में लेकर तुरंत कोलकाता आयकर विभाग को सूचित कर दिया। अब आयकर विभाग इस रकम के स्रोत, असली मालिक और संभावित चुनावी कनेक्शन की जांच में जुट गया है।
पूछताछ में जुटी एजेंसियां, चुनावी लिंक की जांच
प्रारंभिक जांच में इस नकदी को चुनावी खर्च या हवाला से जोड़कर देखा जा रहा है। युवक से लगातार पूछताछ की जा रही है कि वह इतनी बड़ी रकम कहां से लाया और किसे देने जा रहा था। चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत सभी एजेंसियां इस तरह के मामलों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
राज्यभर में RPF का सघन अभियान जारी
बामनगाछी के अलावा राज्य के अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी आरपीएफ की सख्त कार्रवाई देखने को मिली। हावड़ा स्टेशन से 14 किलो गांजा (करीब 6.70 लाख रुपये), मालदा टाउन से 10 किलो गांजा और न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) से करीब 4.75 लाख रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया गया।
अवैध धन और नशे के नेटवर्क पर शिकंजा
आरपीएफ सूत्रों के मुताबिक, इस व्यापक अभियान का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल होने वाले अवैध धन और नशे के कारोबार पर रोक लगाना है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को सुरक्षा एजेंसियां बड़ी सफलता मान रही हैं।