भोपाल। राजधानी के केरवा रोड स्थित शारदा विहार परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की दो दिवसीय समन्वय बैठक का भव्य आयोजन किया गया। यह बैठक शनिवार से शुरू हुई और इसमें संघ के प्रांत कार्यकारिणी पदाधिकारी और अनुषांगिक संगठन जैसे भाजपा, विश्व हिन्दू परिषद, सेवा भारती समेत कई अन्य संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हैं। बैठक का मुख्य फोकस **संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों और कार्यपद्धति पर चर्चा** करना है।
भाजपा के शीर्ष पदाधिकारी हो सकते हैं शामिल
संघ की बैठक में भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और सीएम डॉ. मोहन यादव की रविवार को शामिल होने की संभावना है। पिछली बैठक में हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा शामिल हुए थे। हालांकि वर्तमान में प्रदेश संगठन महामंत्री की पदवी खाली है। हितानंद शर्मा को हाल ही में संघ का मध्य क्षेत्र सह-बौद्धिक प्रमुख बनाया गया है। फिलहाल संगठन की जिम्मेदारी अजय जामवाल संभाल रहे हैं। इस बैठक में दोनों प्रमुख भाजपा पदाधिकारी हेमंत खंडेलवाल और अजय जामवाल शामिल होकर समन्वय और रणनीति पर चर्चा करेंगे।
समन्वय बैठक में शामिल प्रमुख संघीय और अनुषांगिक संगठन
इस बैठक में संघ के राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी शामिल हैं। प्रमुख संगठनों में भारतीय जनता पार्टी (BJP),विश्व हिन्दू परिषद (VHP), बजरंग दल,दुर्गा वाहिनी,अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP),विद्या भारती,भारतीय शिक्षण मंडल,सेवा भारती,वनवासी कल्याण आश्रम,आरोग्य भारती,भारतीय मजदूर संघ,भारतीय किसान संघ,स्वदेशी जागरण मंच,सहकार भारती,संस्कार भारती,अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद,क्रीड़ा भारती,विज्ञान भारती और राष्ट्र सेविका समिति हैं,बैठक में इन संगठनों के संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों में योगदान और कार्यशैली पर विशेष चर्चा की जा रही है।
संघ का शताब्दी वर्ष: समन्वय और रणनीति
RSS के शताब्दी वर्ष को देखते हुए यह बैठक रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। संगठन अपने कार्यक्रमों, प्रशिक्षण और सामाजिक अभियानों का समन्वय सुनिश्चित करने के लिए सभी अनुषांगिक संगठनों के साथ विचार-विमर्श कर रहा है।