कोलकाता: कोलकाता के हरिदेवपुर इलाके से टेलीविजन अभिनेता सम्राट मुखर्जी को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। अभिनेता के खिलाफ घरेलू सहायिका (गृहपरिचारिका) ने मारपीट, बंधक बनाकर रखने और शीलभंग (छेड़छाड़) का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है, जबकि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, अभिनेता सम्राट मुखर्जी के घर से एक अंगूठी गायब होने के बाद घरेलू सहायिका पर चोरी का शक जताया गया। आरोप है कि इसी के बाद महिला को एक कमरे में बंद कर उसकी तलाशी ली गई।पीड़िता और उसके परिवार का आरोप है कि पूछताछ के दौरान उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल में भर्ती, सिर में लगे पांच टांके
परिवार का दावा है कि मारपीट के बाद घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। चोट इतनी गंभीर थी कि उसके सिर में पांच टांके लगाने पड़े। इस घटना के बाद परिवार ने अभिनेता के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
मामला सामने आने के बाद हरिदेवपुर थाना में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। एक ओर अभिनेता पक्ष की तरफ से घरेलू सहायिका पर चोरी का आरोप लगाया गया है, वहीं दूसरी ओर महिला की शिकायत के आधार पर गैरकानूनी तरीके से रोककर रखना, मारपीट और शीलभंग जैसे आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति साफ हो सकेगी।