पटना - भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्षराहुल गांधी के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि, कांग्रेस लगातार समुदाय विशेष को भड़काने की राजनीति कर रही है।
कांग्रेस खुद को मुस्लिम लीग समझती है
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया, वह देशहित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस खुद को “मुस्लिम लीग” की तरह पेश कर रही है और मुसलमानों को भड़काने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी ने अल्पसंख्यक की जगह सीधे मुस्लिम शब्द का इस्तेमाल किया। कांग्रेस पहले से ही लोगों को भड़काने की राजनीति करती रही है और अब भी वही कर रही है।
सरकार लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई
भाजपा नेता ने राहुल गांधी के उस बयान पर भी निशाना साधा जिसमें उन्होंने सरकार गिरने की बात कही थी। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई है और पीएम मोदी देश के 140 करोड़ लोगों के दिलों में बसते हैं। उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी देश की तरक्की के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। राहुल गांधी पहले भी संसद में बड़े-बड़े दावे कर चुके हैं, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
देश को भड़काने वाली राजनीति ठीक नहीं
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि इस तरह के बयान समाज और देश के माहौल के लिए ठीक नहीं हैं। उन्होंने विपक्षी नेताओं से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने और जिम्मेदार भाषा इस्तेमाल करने की अपील की।