नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 5 अगस्त 2026 (बुधवार) को नई दिल्ली स्थित फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब (FCC) के एक विशेष कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगी। इस दौरान उनके बांग्लादेश लौटने की संभावित रणनीति और देश के राजनीतिक भविष्य को लेकर उनके विचार सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
तारीक रहमान के संभावित भारत दौरे से पहले अहम कार्यक्रम
यह कार्यक्रम ऐसे समय आयोजित हो रहा है, जब बांग्लादेश के मौजूदा प्रधानमंत्री और बीएनपी (BNP) नेता तारीक रहमान के आगामी ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आने की संभावनाओं पर चर्चा हो रही है। ऐसे में उनके संभावित दौरे से पहले शेख हसीना का यह संबोधन राजनीतिक और कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अवामी लीग के वरिष्ठ नेता भी रहेंगे कार्यक्रम का हिस्सा
फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब के अध्यक्ष वाएल अव्वाद के अनुसार, शेख हसीना वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। उनके साथ उनके बेटे सजीब वाजेद जॉय, बांग्लादेश के पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी नौफेल और अवामी लीग के कई वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री भी प्रत्यक्ष या ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। कार्यक्रम के अंत में अंतरराष्ट्रीय मीडिया के साथ प्रश्नोत्तर (Q&A) सत्र भी प्रस्तावित है।
वापसी की अटकलों के बीच तेज हुई राजनीतिक बहस
अगस्त 2024 में ढाका छोड़कर भारत आने के बाद से शेख हसीना भारत में रह रही हैं। हाल के एक साक्षात्कार में उन्होंने सुरक्षा संबंधी चिंताओं का उल्लेख करते हुए बांग्लादेश लौटने की इच्छा व्यक्त की थी। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि वह इस वर्ष दिसंबर तक बांग्लादेश लौटकर कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की योजना बना सकती हैं। हालांकि, बांग्लादेश सरकार में उपमंत्री इशराक हुसैन ने इन दावों को राजनीतिक रणनीति बताते हुए खारिज किया है। दूसरी ओर, लेखिका तसलीमा नसरीन ने अवामी लीग पर लगे प्रतिबंध हटाने और उसके नेताओं की वापसी का समर्थन किया है।