कोलकाता/सॉल्टलेक: पश्चिम बंगाल में नौकरी और नियुक्ति से जुड़े मुद्दों को लेकर सोमवार को सॉल्टलेक स्थित बीजेपी कार्यालय में आयोजित ‘जनता दरबार’ में भारी भीड़ देखने को मिली। 26 हजार नौकरी गंवाने वाले शिक्षकों के प्रतिनिधियों समेत विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान तकनीकी शिक्षा में स्थायी नियुक्ति, अनाथों के लिए आरक्षण और रोजगार से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए।
26 हजार नौकरी गंवाने वाले शिक्षकों ने रखी मांग
26 हजार नौकरी गंवाने वाले शिक्षकों की ओर से सुमन विश्वास ने शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। शिक्षकों ने अपनी नौकरी से जुड़े संकट और पुनर्नियुक्ति के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से समाधान निकालने की मांग की।
तकनीकी शिक्षा में स्थायी भर्ती शुरू करने की अपील
मलय सिंह राय ने तकनीकी शिक्षा व्यवस्था में फिर से स्थायी नियुक्ति शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा संस्थानों में भ्रष्टाचार के कारण पिछले 15 वर्षों से स्थायी भर्ती नहीं हुई है। उनका दावा है कि स्थायी पदों को धीरे-धीरे अस्थायी पदों में बदल दिया गया, जिससे योग्य उम्मीदवारों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अनाथों के लिए आरक्षण बहाल करने की मांग
सुचित्रा डे ने राज्य की कुछ सरकारी नौकरियों में अनाथों के लिए आरक्षण दोबारा लागू करने की मांग शुभेंदु अधिकारी के सामने रखी। उनका आरोप है कि कई विभागों में अनाथों के लिए आरक्षण समाप्त कर दिया गया है, जिसके कारण जरूरतमंद उम्मीदवारों को नौकरी पाने में परेशानी हो रही है।
शुभेंदु ने दिया कार्रवाई का भरोसा
सभी पक्षों की बातें सुनने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। बताया गया कि दोपहर करीब 12 बजे वह सॉल्टलेक स्थित पार्टी कार्यालय से निकलकर नवान्न के लिए रवाना हुए।
हर सोमवार लगेगा ‘जनता दरबार’
आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए शुभेंदु अधिकारी ने ‘जनता दरबार’ कार्यक्रम की घोषणा की है। बीजेपी के अनुसार, हर सोमवार सुबह 9 बजे से 11 बजे तक सॉल्टलेक स्थित पार्टी कार्यालय में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां आम लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे रख सकेंगे।
बीजेपी नेताओं की मौजूदगी, सुरक्षा कर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत
इस सप्ताह भी ‘जनता दरबार’ में भारी संख्या में लोग पहुंचे। शुभेंदु अधिकारी के अलावा लॉकेट चटर्जी, शशि अग्निहोत्री समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जानकारी के मुताबिक, नौकरी अभ्यर्थियों के 15 संगठनों के प्रतिनिधियों ने सोमवार सुबह शुभेंदु से मुलाकात की। भारी भीड़ को नियंत्रित करने में सुरक्षा कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।