कोलकाता/सोडपुर: उत्तर 24 परगना के सोडपुर इलाके में शनिवार तड़के दुष्कर्मियों के तांडव से सनसनी फैल गई। पियरलेस नगर और राजा रोड इलाके में लगातार कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। बदमाशों ने पानीहाटी नगर पालिका के वार्ड नंबर 2 के काउंसिलर की कार को निशाना बनाने के साथ-साथ पुलिस की नीली बत्ती लगी गाड़ी पर भी हमला किया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
ऑटो में सवार होकर पहुंचे बदमाश, काउंसिलर की कार पर हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े चार बजे हथियारों से लैस कुछ बदमाश ऑटो में सवार होकर पियरलेस नगर इलाके में पहुंचे। यहां मुख्य गेट के अंदर खड़ी पानीहाटी नगर पालिका के वार्ड नंबर 2 के काउंसिलर स्वपन दास की कार पर हमला किया गया। कार के शीशों समेत कई हिस्सों में तोड़फोड़ की गई। बदमाशों ने टूटी कुर्सी और साइकिल से भी वाहन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई। स्वपन दास ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व इलाके में आतंक का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस की नीली बत्ती वाली गाड़ी भी बनी निशाना
इसी दौरान लगभग उसी समय सोडपुर के राजा रोड स्थित शिवाजी संघ मैदान के पास खड़ी पुलिस की नीली बत्ती लगी गाड़ी पर भी हमला किया गया। एक ऑटो में पहुंचे तीन बदमाशों ने लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर वाहन का अगला शीशा तोड़ दिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बदमाश ऑटो से उतरकर गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ कर रहे हैं। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।
लग्जरी बस में भी तोड़फोड़, थाने में दर्ज हुई शिकायत
घटना यहीं नहीं रुकी। पानीहाटी इलाके में गैरेज में खड़ी एक लग्जरी बस में भी तोड़फोड़ की गई। बताया जा रहा है कि यह बस स्वपन दास के भाई की है। मामले को लेकर स्वपन दास ने शुक्रवार दोपहर खड़दह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों में डर का माहौल
स्थानीय निवासी और प्रत्यक्षदर्शी मंजू पाल ने बताया कि उन्होंने अपनी आंखों से पूरी घटना देखी। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद इलाके के लोग भय और असुरक्षा के माहौल में हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
लगातार हो रही तोड़फोड़ और खासकर पुलिस वाहन पर हमले के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। खड़दह थाने की पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज जुटाकर आरोपियों की पहचान में लगी हुई है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में छापेमारी भी शुरू कर दी है।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज
घटना के बाद पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र से सीपीआईएम उम्मीदवार और युवा आंदोलन के अखिल भारतीय नेता कलतान दाशगुप्ता, सीपीआईएम उत्तर 24 परगना जिला कमेटी के सदस्य अनिर्वाण भट्टाचार्य और पानीहाटी बीजेपी नेता कौशिक चटर्जी ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।