नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को कोयला ब्लॉक आवंटन मामले में सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत का स्वागत किया है। उन्होंने मनमोहन सिंह की ईमानदारी और सार्वजनिक जीवन में उनके रिकॉर्ड की तारीफ करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर भी निशाना साधा। सोनिया गांधी ने कहा कि मनमोहन सिंह के खिलाफ लंबे समय तक एक राजनीतिक अभियान चलाया गया, लेकिन अब अदालत के फैसले के बाद उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास मनमोहन सिंह को एक मृदुभाषी, सौम्य और महत्वपूर्ण प्रधानमंत्री के रूप में याद रखेगा।
कोयला मामले में क्लीन चिट का किया स्वागत
सोनिया गांधी ने मंगलवार को ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में प्रकाशित अपने लेख में 29 जुलाई 2026 को आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष अदालत ने कथित कोयला घोटाला मामले में सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट के आधार पर मनमोहन सिंह को मिली क्लीन चिट को बरकरार रखा। उन्होंने इसे मनमोहन सिंह के खिलाफ चलाए गए लंबे अभियान के अंत के तौर पर बताया और कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री असाधारण शुचिता और ईमानदारी वाले व्यक्ति थे।
‘मनमोहन सिंह के खिलाफ सुनियोजित अभियान चला’
सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि मनमोहन सिंह को निशाना बनाने के लिए सुनियोजित अभियान चलाया गया था। उनके मुताबिक इस अभियान में अलग-अलग संस्थानों और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों की भूमिका रही।उन्होंने दावा किया कि मनमोहन सिंह की सरकार के कामकाज और उनकी व्यक्तिगत ईमानदारी को लेकर जिस तरह सवाल उठाए गए, वह उनके सार्वजनिक जीवन के रिकॉर्ड से मेल नहीं खाता।
पीएम मोदी की पुरानी टिप्पणी का किया जिक्र
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2017 में राज्यसभा में मनमोहन सिंह को लेकर की गई टिप्पणी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ‘रेनकोट पहनकर नहाने की कला’ वाली टिप्पणी भारतीय संसदीय इतिहास के सबसे निचले स्तरों में गिनी जाएगी।
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज सरकार छात्रों से जुड़े मामलों में माफी की बात कर रही है, ऐसे में शायद मनमोहन सिंह को लेकर की गई पुरानी टिप्पणियों पर भी आत्ममंथन होना चाहिए।
ईडी और सीबीआई को लेकर सरकार पर आरोप
कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार पर प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक नेताओं पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। सोनिया गांधी ने दावा किया कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार ने देश में कई बड़े आर्थिक बदलाव किए और उस दौरान निजी निवेश तथा उपभोग को बढ़ावा मिला। उन्होंने यह भी कहा कि 2008 के वैश्विक आर्थिक संकट के दौरान भारत ने अपनी आर्थिक मजबूती का प्रदर्शन किया था।
मनमोहन सिंह की विरासत पर जोर
सोनिया गांधी ने अपने लेख में मनमोहन सिंह के कार्यकाल और उनकी व्यक्तिगत छवि का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें उनकी शांत शैली, सादगी और ईमानदारी के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोध के कारण उनके खिलाफ ऐसी धारणा बनाने की कोशिश की गई, जो उनके वास्तविक रिकॉर्ड से अलग थी।