कोलकाता: बंगाल के गौरव और भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तानों में से एक 'प्रिंस ऑफ कोलकाता' सौरव गांगुली की बायोपिक को लेकर फैंस का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। सोमवार (25 मई) तड़के से ही कोलकाता की सड़कों पर 'महाराज' की जिंदगी को फिल्मी पर्दे पर उतारने का काम शुरू कर दिया गया। सौरव गांगुली के गृहनगर बेहाला के बीरेन रॉय रोड पर सुबह 5 बजे से ही कैमरे लाइट और एक्शन की गूंज सुनाई देने लगी, जिसे देखने के लिए फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सौरव-डोना की स्कूल लाइफ का प्यार हुआ री-क्रिएट
बायोपिक के पहले दिन के शेड्यूल में सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली के बचपन और स्कूल के दिनों की प्रेम कहानी को फिल्माया गया। शूटिंग के दौरान का एक बेहद खूबसूरत दृश्य कैमरे में कैद हुआ, जिसमें सफेद स्कूल यूनिफॉर्म पहने किशोर सौरव गांगुली नजर आ रहे हैं, वहीं पड़ोस के घर की बालकनी में दो चोटियां गूंथे एक लड़की (डोना के किरदार में) जादुई और मासूम नजरों से उन्हें निहार रही है।
उल्लेखनीय है कि 90 के दशक (साल 1989) में जब सौरव गांगुली 11वीं क्लास के छात्र थे, तब उनका दिल 9वीं क्लास में पढ़ने वाली पड़ोस की लड़की डोना पर आ गया था। इसी स्कूल लाइफ रोमांस को निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाने कोलकाता की गलियों में बेहद खूबसूरती से री-क्रिएट कर रहे हैं।
मां के रोल में अपराजिता आढ़्य, आज जुड़ेंगे शाश्वत चटर्जी
फिल्म में सौरव गांगुली की मां निरूपा गांगुली का किरदार मशहूर अभिनेत्री अपराजिता आढ़्य निभा रही हैं। सोमवार को वे दिनभर शूटिंग में व्यस्त रहीं। लाल बॉर्डर वाली सफेद साड़ी, कमर तक लंबी चोटी और माथे पर बड़ी लाल बिंदी लगाए अपराजिता का लुक बेहद सौम्य और प्रभावशाली लग रहा था। निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाने खुद उन्हें हर शॉट को बारीकी से समझाते दिखे।
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को फिल्म के सेट पर दिग्गज अभिनेता शाश्वत चटर्जी भी शामिल होंगे। शाश्वत चटर्जी इस बायोपिक में सौरव गांगुली के पिता चंडीदास गांगुली की अहम भूमिका निभा रहे हैं।
सौरव के घर से ही हुआ फिल्म का 'शुभारंभ'
पहले शेड्यूल के अनुसार, फिल्म की शुरुआत दुर्गा पूजा के एक भव्य दृश्य के साथ होनी थी, लेकिन किसी अज्ञात कारण से वह सीन कैंसिल करना पड़ा। इसके बाद मेकर्स ने सौरव गांगुली के बेहाला स्थित पुश्तैनी घर से ही इस सफर की शुरुआत करने का फैसला किया।
90 के दशक का कोलकाता दिखाने के लिए सेट पर काफी बारीकी से काम किया गया है। सौरव के घर के बाहर सब्जी की फर्जी गाड़ियां, पुरानी चाय की दुकानें और गुजरे दौर का माहौल तैयार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को फिल्म की शूटिंग कोलकाता के ऐतिहासिक क्रिकेट स्टेडियम ईडन गार्डन्स (Eden Gardens) में हो सकती है, जिसके बाद शहर के कई अन्य हिस्सों में भी कैमरे गरजेंगे।