कोलकाता: दक्षिण दिनाजपुर जिले के लोगों का लंबे समय से देखा गया मेडिकल कॉलेज का सपना अब जल्द पूरा होने जा रहा है। केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने जानकारी देते हुए कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
चुनावी वादा अब होगा पूरा
डॉ. सुकांत मजूमदार ने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले गंगारामपुर में आयोजित सभा में उन्होंने दक्षिण दिनाजपुर में मेडिकल कॉलेज बनाने का वादा किया था। उस दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मंच पर मौजूद थे और उन्होंने इस प्रस्ताव का समर्थन किया था।
नवान्न और दिल्ली में हुई अहम चर्चा
उन्होंने कहा कि 20 तारीख को नवान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ इस विषय पर विस्तार से चर्चा हुई थी। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के साथ बैठक से पहले भी मेडिकल कॉलेज स्थापना को लेकर विस्तृत बातचीत हुई। केंद्रीय मंत्री ने जल्द परियोजना लागू होने का भरोसा दिया था।
मुख्यमंत्री ने किया बड़ा ऐलान
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ बैठक के तुरंत बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दक्षिण दिनाजपुर जिले में मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की घोषणा कर दी।
जिले के विकास को मिलेगा नया आयाम
यह मेडिकल कॉलेज केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत नहीं करेगा, बल्कि शिक्षा, रोजगार और जिले के समग्र विकास में भी बड़ी भूमिका निभाएगा। लंबे समय से इस परियोजना की मांग कर रहे लोगों में फैसले के बाद खुशी का माहौल है।