नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुखबीर बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली, जबकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं।
हमले के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत कर सुखबीर बादल का हाल जाना। पुलिस ने हमले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के दौरान बादल को बचाने की कोशिश में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
PM मोदी ने हरसिमरत कौर से फोन पर की बात
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सुखबीर सिंह बादल की पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने सुखबीर बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और घटना को लेकर चिंता जताई।
CM फडणवीस ने दिए गहन जांच के निर्देश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने पुलिस को हमले के पीछे की वजह और हमलावर की मंशा का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने मामले की गहन जांच के साथ सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक हुई है या नहीं, इसका भी पता लगाने को कहा है।
गृह मंत्री ने भी IG से ली जानकारी
महाराष्ट्र के गृह मंत्री ने बताया कि उन्होंने घटना को लेकर पुलिस महानिरीक्षक (IG) से बातचीत की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।गृह मंत्री के मुताबिक, हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से गुरुद्वारे में स्वयंसेवक के रूप में काम कर रहा था।
धारदार हथियार से हमला, पुलिसकर्मी भी घायल
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सुखबीर सिंह बादल पर धारदार हथियार से हमला किया। हमले के दौरान एक पुलिसकर्मी ने बीच में आकर बादल को बचाने की कोशिश की, जिसमें वह भी घायल हो गया।पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने हरसिमरत कौर से की बात
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी घटना का गंभीर संज्ञान लिया। उन्होंने हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत कर सुखबीर सिंह बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली।शिंदे ने आश्वासन दिया कि हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नांदेड़ SP से सीधे संपर्क कर लिया जायजा
घटना के बाद उपमुख्यमंत्री शिंदे ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से सीधे संपर्क किया और मौके की स्थिति के बारे में जानकारी ली।उन्होंने पुलिस प्रशासन को मामले की गहन जांच करने और सुरक्षा व्यवस्था में हुई किसी भी संभावित चूक का पता लगाने के निर्देश दिए। साथ ही घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नांदेड़ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
हमले के बाद नांदेड़ पुलिस ने गुरुद्वारा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में मामले की जांच जारी है।जांच एजेंसियां आरोपी की पृष्ठभूमि, हमले की वजह और उसकी कथित मंशा का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।